धौलपुर के बसेडी में अवैध शराब पकडी,बोलेरो जब्त
बोलेरो में मिले अवैध शराब के 432 पउवा
धौलपुर,11 नवंबर। जिले में चल रही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों तथा अवैध शराब के विरुद्व अभियान में बसेडी में पुलिस ने अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने एक बोलेरो जीप से अवैध शराब के 432 पउवा जब्त किए हैं। पुलिस को इस अवैध शराब का उपयोग पंचायत चुनाव में किए जाने के लिए की आशंका है। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया किआगामी 14 एवं 16 नवंबर को राजाखेड़ा, सरमथुरा एवं बसेड़ी पंचायत समितियों में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए होने वाले चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बुधवार को बसेडी इलाके में अवैध शराब की खेप आने की सूचना पर बसेडी थाना प्रभारी बालकृष्ण ने गश्त के दौरान पुलिस टीम के साथ रेवियापुरा के पास खेतों में से एक बोलेरो जीप यूपी 80 एचटी 1252 से अवैध देशी शराब के 432 पउवा जब्त किए। कार्रवाई के दौरान जीप चालक आरोपी भागने में सफल रहा। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।










