भरतपुर, 16 नवम्बर। वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित जागरूकता गतिविधियों के तहत सोमवार को मोटर वाहन निरीक्षक देवेन्द्र सुंडा द्वारा भरतपुर में विभिन्न स्थानों पर आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
इस दौरान महेश चतुर्वेदी फिलिंग स्टेशन, बस स्टैंड के पास, द नेशनल फ्यूल सप्लायर, कुम्हेर गेट तथा निजी बस स्टैंड पर पेट्रोल पंप संचालकों एवं वाहन चालकों को नो पीयूसीसी-नो फ्यूल अभियान के संबंध में जागरूक किया गया। अभियान के तहत वाहन चालकों को बताया गया कि वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र रखना आवश्यक है। साथ ही निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके ईओएल वाहनों एवं अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के संचालन से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
मोटर वाहन निरीक्षक ने पेट्रोल पंप संचालकों, बस चालकों एवं परिचालकों को वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक सावधानियों तथा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने वाहन स्वामियों को अपने वाहनों का समय पर प्रदूषण परीक्षण करवाकर वैध पीयूसीसी प्रमाण पत्र रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य आमजन को स्वच्छ वायु के महत्व से अवगत कराना तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों की पालना एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण का दिया संदेश










