राजस्थान की 23.32 लाख बेटियों को मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग
सुरक्षित भविष्य की दिशा में राजस्थान पुलिस की बड़ी पहल
जयपुर,23 नवंबर। प्रदेश की बालिकाओं को आत्मरक्षा में सक्षम बनाने, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस एवं राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद (RCSCE) ने संयुक्त पहल की है। इस पहल के तहत राजस्थान पुलिस और राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के मध्य समझौता ज्ञापन संपादित किया गया। इसका उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण देना, आपातकालीन सहायता एवं हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी उपयोग की जानकारी देना तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर महानिदेशक पुलिस, राजस्थान राजीव शर्मा की उपस्थिति में ADG (कम्युनिटी पुलिसिंग) श्रीमती लता मनोज कुमार एवं स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में डीआईजी, क्राइम श्री दीपक भार्गव भी उपस्थित रहे। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से आगामी 03 वर्षों तक प्रभावी रहेगा।
इस पहल के दायरे में प्रदेश के 36,765 राजकीय विद्यालयों में कक्षा 06 से 12 तक अध्ययनरत 23.32 लाख बालिकाएं शामिल होंगी। प्रशिक्षण के लिए चरणबद्ध मॉडल अपनाया जाएगा। इसके तहत 11,701 PEEO/UCEEO विद्यालयों से चयनित शिक्षकों को ब्लॉक स्तर पर 03 दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुल 319 प्रशिक्षण बैच आयोजित होंगे, जिनमें प्रति बैच 15 से 60 प्रतिभागी शामिल होंगे।
प्रशिक्षित शिक्षक Master Trainer के रूप में विद्यालय स्तर पर महिला शिक्षकों और उनके माध्यम से बालिकाओं को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण में आत्मरक्षा की तकनीकों, आपातकालीन सहायता एवं हेल्पलाइन सेवाओं के प्रभावी उपयोग, कालिका पेट्रोलिंग तथा महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया जाएगा। बालिकाओं को आत्मरक्षा में सक्षम बनाना, उनमें सुरक्षा का विश्वास जगाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना—इसी संकल्प के साथ राजस्थान पुलिस की यह पहल सुरक्षित एवं सशक्त राजस्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।