Home / Dholpur / गांव की सरकार चुनने को उमड़ा उत्साह, चतुर्थ चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान

गांव की सरकार चुनने को उमड़ा उत्साह, चतुर्थ चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान

गांव की सरकार चुनने को उमड़ा उत्साह, चतुर्थ चरण में पंच-सरपंच पदों के लिए शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान
बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं एवं नवमतदाताओं ने उत्साहपूर्वक निभाई लोकतंत्र में भागीदारी
धौलपुर, 16 नवम्बर। जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत सोमवार को पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। गांव की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया। कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं नवमतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। युवा मतदाताओं ने पहली बार मतदान कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने भी उम्र के पड़ाव को पीछे छोड़ते हुए मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। कई मतदान केंद्रों पर महिलाएं समूह में पहुंचकर मतदान करती नजर आईं। दिव्यांग मतदाताओं ने भी मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया को सुगम, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं निर्वाचन तंत्र की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के साथ ही मतदाताओं की सुविधा एवं सहूलियत का विशेष ध्यान रखा गया। विशेष रूप से बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, व्हीलचेयर तथा स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

मतदान केंद्रों पर नियुक्त मतदान कार्मिकों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान संपन्न करवाया। निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किए गए। प्रशासन की सतर्कता एवं निर्वाचन कार्मिकों के समन्वित प्रयासों से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।

चतुर्थ चरण के मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और सहभागिता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला। मतदाताओं ने गांव के विकास, जनहित और स्थानीय नेतृत्व के चयन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मतदान किया। मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और दिव्यांगजनों की भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती नजर आई।
जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई थी। मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेकर लोकतंत्र की मजबूती में अपना योगदान दिया। पंचायतीराज आम चुनाव के चतुर्थ चरण के तहत पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने के साथ ही जिले में निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons