भरतपुर, 16 नवम्बर। पंचायत आम चुनाव के तहत सरपंच एवं वार्डपंचों के निर्वाचन के लिए मतदान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के साथ सोमवार को जिले के सेवर, उच्चैन और रूपवास पंचायत समिति क्षेत्र के 12 मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतदान कार्मिकों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के व्यवस्थित प्रवेश एवं मतदान की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने तथा वैध पहचान दस्तावेजों की जांच के बाद ही मतदाताओं को प्रवेश देने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने सेवर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सुनारी, बहनेरा एवं उच्चैन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत आघापुर, कल्याणपुर, एक्टा, खैरैरा, मुढेरा एवं रूपवास पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत कंजौली, माडापुर, रूदावल, खेड़ा ठाकुर एवं महलपुरचूरा के मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाताओं की सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने जिले की तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों एवं सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता से कार्य करने का आह्वान किया।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पूरी मुस्तैदी के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी सक्रियता से कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मतदाता भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम जमा होने तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए। इस दौरान भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, उच्चैन उपखंड अधिकारी सुरेश हरसोलिया, रूपवास उपखंड अधिकारी दिनेश कुमार उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 12 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण










