वैर में न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े दो युवक
चार घंटे की समझाइश के बाद उतरे
भरतपुर,12 नवंबर। जिले के वैर उपखंड मुख्यालय पर कुम्हेर गेट निवासी दो युवक प्रशासन की ओर से न्याय नहीं मिलने से व्यथित होकर गुरुवार को बस स्टैंड के पास स्थित तालाब में बनी पानी की टंकी पर पेट्रोल की बोतल लेकर चढ़ गए. जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पानी की टंकी पर चढ़े सुरेश व रामवीर सैनी ने पुलिस प्रशासन से अवैध निर्माण को हटाकर न्याय दिलाने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रामस्वरूप मीणा व सीआई जगदीश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा पानी की टंकी पर चढ़े युवकों को समझाइश कर नीचे उतारने का प्रयास करने लग गए। बड़ी संख्या में लोग भी घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। पुलिस अधिकारियों के साथ अन्य लोगों ने युवकों को समझाकर नीचे उतरने के प्रयास किये । टंकी पर चढ़े दोनों युवकों को लगातार समझाइश के बाद शाम करीब पांच बजे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश व रामवीर के परिजन धर्मी – रेवती व राम खिलाड़ी ने उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मांग की थी कि खेत खसरा नंबर 55 ग्राम सीर सरकार रकवा 79 हेक्टेयर में तीसरे हिस्से के हैं। प्रतिवादी बलिचंद ध्रुव गिरवर, मीरा महेश माली ने स्टे होने के बावजूद 4 नवंबर को खेत में टीन डालकर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर लिया। अवैध रूप से हुये निर्माण को हटाने के लिए प्रशासन से गुहार लगाई थी लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई










