Home / Dholpur / नौनिहालों को निमोनिया से बचाएगा ‘सांस अभियान’

नौनिहालों को निमोनिया से बचाएगा ‘सांस अभियान’

नौनिहालों को निमोनिया से बचाएगा ‘सांस अभियान’
आज से 28 नवम्बर तक चलेगा अभियान, आयोजित होंगी जागरूकता गतिविधियां
धौलपुर, 12 नवम्बर। सर्दियों में छोटे बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान कर उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 12 से 28 नवंबर तक ‘सांस अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान आशा एवं एएनएम घर-घर जाकर बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी और अभिभावकों को निमोनिया के लक्षण, बचाव एवं समय पर इलाज के प्रति जागरूक करेंगी। इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आशा एवं एएनएम के माध्यम से डोर-टू-डोर सर्वे कर बीमार बच्चों की पहचान की जाएगी। साथ ही जरूरतमंद बच्चों को समय पर चिकित्सा संस्थानों में रेफर कर समुचित उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत ‘निमोनिया नहीं तो बचपन सही’ थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, चिकित्सा संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर आईईसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाएगा। आशा सहयोगिनियां एवं एएनएम अभिभावकों को बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने बताया कि निमोनिया से बचाव के लिए बच्चों का समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है। इसके लिए पीसीवी वैक्सीन की तीन खुराक 6 सप्ताह, 14 सप्ताह एवं 9 माह की उम्र पर अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध है।

निमोनिया के लक्षण
डॉ. शर्मा ने बताया कि निमोनिया फेफड़ों में रोगाणुओं के संक्रमण से होने वाली बीमारी है। पांच वर्ष तक के बच्चों में इसका खतरा अधिक रहता है। बच्चों में खांसी-जुकाम बढ़ना, तेजी से सांस लेना, सांस लेते समय पसलियां चलना, तेज बुखार, झटके आना, खाना-पीना छोड़ना तथा सुस्ती या अत्यधिक नींद आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चों को नजरअंदाज नहीं करें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।

निमोनिया से बचाव के उपाय
उन्होंने बताया कि कुछ सावधानियां अपनाकर बच्चों को निमोनिया से बचाया जा सकता है। घर में धुआं न होने दें और खिड़कियां खुली रखें। जन्म के पहले घंटे में बच्चे को स्तनपान कराएं तथा जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध पिलाएं। छह माह बाद बच्चे को पूरक आहार देना शुरू करें। पीने के पानी को ढककर रखें और खाना बनाने, खिलाने से पहले तथा शौच के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं। सर्दियों में बच्चों को मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाएं तथा उनका संपूर्ण टीकाकरण समय पर करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons