Home / Dholpur / पंचायत चुनाव : चतुर्थ चरण के लिए धौलपुर पुलिस ने तैयार किया अभेद्य सुरक्षा चक्र

पंचायत चुनाव : चतुर्थ चरण के लिए धौलपुर पुलिस ने तैयार किया अभेद्य सुरक्षा चक्र

पंचायत चुनाव : चतुर्थ चरण के लिए धौलपुर पुलिस ने तैयार किया अभेद्य सुरक्षा चक्र
राजाखेड़ा, सरमथुरा व बसेडी में होगा चुनाव, 305 मतदान केन्द्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी, 44 मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार करेंगी क्षेत्र में गश्त
धौलपुर,12 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में धौलपुर जिले के द्वितीय चरण के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में तैयार की गई इस व्यापक सुरक्षा रणनीति के तहत जिले में करीब 1700 पुलिस अधिकारी एवं जवान चुनावी सुरक्षा का मोर्चा संभालेंगे। मतदान केन्द्रों, संवेदनशील गांवों, प्रमुख मार्गों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सतत निगरानी रहेगी। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, असामाजिक तत्वों की सक्रियता अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती से निपटने के लिए पुलिस बल की रणनीतिक तैनाती की गई है। जिला पुलिस के साथ आरएएसी धौलपुर, भरतपुर आरएसी बटालियन, जयपुर पुलिस तथा धौलपुर एवं अजमेर के होमगार्ड जवान भी चुनाव सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने गुरूवार को पुलिस लाइन धौलपुर में चुनाव ड्यूटी के लिए नियुक्त पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का पूर्ण निष्पक्षता, सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ निर्वहन करें। मतदान केन्द्रों एवं उनके आसपास निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी विवाद, तनाव अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संपूर्ण चुनावी पुलिस व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को नियुक्त किया गया है। उनके निर्देशन में पुलिस बल की तैनाती, मतदान दलों के साथ पुलिस जाप्ते की रवानगी, मोबाइल पार्टियों की गश्त एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी सहित समस्त व्यवस्थाओं का संचालन किया जाएगा। चुनाव व्यवस्था की निगरानी एवं प्रभावी संचालन के लिए 04 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं 06 उप पुलिस अधीक्षक व 18 पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
305 मतदान केन्द्रों एवं 101 मतदान भवनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
धौलपुर जिले के द्वितीय चरण के चुनाव में राजाखेड़ा, बसेड़ी एवं सरमथुरा पंचायत समिति क्षेत्रों के कुल 305 मतदान केन्द्रों एवं 101 मतदान भवनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इनमें राजाखेड़ा क्षेत्र के 137, बसेड़ी के 101 एवं सरमथुरा के 67 मतदान केन्द्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 12 जिला परिषद वार्ड एवं 98 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान होना है। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर एक पुलिसकर्मी एवं एक होमगार्ड जवान की तैनाती की जाएगी। वहीं, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों तथा मतदान भवनों पर आवश्यकता के अनुसार 1-4 का अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेगा।
44 मोबाइल पुलिस पार्टियां रहेंगी फील्ड में सक्रिय, सूचना मिलते ही पहुंचेगी पुलिस
मतदान के दौरान त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया एवं प्रभावी क्षेत्रीय निगरानी के लिए 44 मोबाइल पुलिस पार्टियों का गठन किया गया है। प्रत्येक मोबाइल पार्टी में 1-4 का पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। वायरलेस संचार उपकरणों से लैस ये टीमें अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं गश्त करेंगी तथा मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करती रहेंगी। किसी भी अप्रिय घटना अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी सूचना पर ये टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।
21 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी करेंगे सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण
तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में कुल 21 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक अधिकारी के साथ चार पुलिसकर्मियों का जाप्ता उपलब्ध रहेगा। ये अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करेंगे तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखेंगे। आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व पुलिस बल को भी तत्काल मौके पर लगाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons