Home / Rajasthan / राज्य स्तरीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा भरतपुर 3 से 5 दिसम्बर तक टेनिस, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

राज्य स्तरीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा भरतपुर 3 से 5 दिसम्बर तक टेनिस, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

राज्य स्तरीय सिविल सेवा खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा भरतपुर
3 से 5 दिसम्बर तक टेनिस, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

भरतपुर, 18 नवम्बर। राजस्थान राज्य अंतरजिला सिविल सेवा खेल प्रतियोगिता 2026-27 के तहत भरतपुर जिला मुख्यालय पर 3 से 5 दिसम्बर तक 7वीं राजस्थान राज्य अंतरजिला सिविल सेवा टेनिस, 9वीं राजस्थान राज्य अंतरजिला सिविल सेवा बैडमिंटन तथा 5वीं राजस्थान राज्य अंतरजिला सिविल सेवा टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के सफल एवं भव्य आयोजन के संबंध में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि भरतपुर में इन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन आकर्षक एवं सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए। प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएं, जिससे भरतपुर की कला, संस्कृति एवं विशिष्ट पहचान को राज्य स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भरतपुर जिले की ओर से योग्य एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं अतिथियों के आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। खेल मैदानों पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, आवश्यक सुविधाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा खेल उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

एडीएम सिटी राहुल सैनी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली टेनिस, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में प्रदेश के 41 जिलों एवं जयपुर मुख्यालय के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन एवं बेहतर प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न समितियों का गठन कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए उद्घाटन एवं समापन समारोह समिति, आयोजन समिति, खेल मैदान समिति, आवास व्यवस्था समिति, भोजन व्यवस्था समिति, सामान्य व्यवस्था समिति, परिवहन व्यवस्था समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, कानून एवं यातायात व्यवस्था समिति, नियंत्रण कक्ष एवं पंजीयन समिति तथा उपापन समिति का गठन किया गया है।

इस दौरान बैठक में एसीईओ रेखा रानी, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, यातायात पुलिस उपाधीक्षक योगेश, नगर निगम सचिव प्रताप सिंह, अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अभय मुद्गल, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी डी.के. गुप्ता, जलदाय विभाग के एन.के. वर्मा, जिला रसद अधिकारी कुशाल बिलाला, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र गोपालिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons