मुरैना में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन
मुरैना,28 नवंबर। शासकीय कन्या महाविद्यालय, मुरैना में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। उत्सव के अंतर्गत क्विज एवं कोलाज मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी बौद्धिक क्षमता एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में शासकीय कन्या महाविद्यालय, मुरैना की छात्राओं सोनाली सिकरवार, अनन्या जादौन एवं आलिया खान की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय नेहरू महाविद्यालय, सबलगढ़ की टीम, जिसमें काजल गौड़, हक्की जाटव एवं पुष्पेंद्र माहौर शामिल रहे, ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता में शासकीय नेहरू महाविद्यालय, सबलगढ़ की छात्रा काजल गौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरैना के छात्र हर्षित सिकरवार द्वितीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का आयोजन सहायक प्राध्यापक सुश्री प्रियंका शर्मा द्वारा किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामलखन धाकड़ के मार्गदर्शन में आयोजित युवा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, बौद्धिक क्षमता को निखारने तथा रचनात्मक कौशल विकसित करने का मंच प्रदान करने में सफल रहा। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










