जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर श्री राजेश कुमार मीना, आईपीएस ने केंद्रीय कारागार सेवर का किया औचक निरीक्षण
कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जेल सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भरतपुर, 28 नवंबर। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील संस्थानों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर श्री राजेश कुमार मीना #ips द्वारा केंद्रीय कारागार, सेवर का औचक निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने कारागार परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए विभिन्न सुरक्षा पहलुओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था के दौरान चैंकिंग, केन्द्रीय कारागृह में सघन निगरानी तंत्र, बंदी बैरकों की निगरानी तथा सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कारागार प्रशासन से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान श्री परमजोत सिंह संधू, अधीक्षक, केन्द्रीय कारागृह सेवर, श्री दिलीप सिंह जेलर, केन्द्रीय कारगृह सेवर, थानाधिकारी सेवर पुलिस निरीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह पुलिस निरीक्षक उपस्थित रहे। जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार मीना ने केन्द्रीय कारागार सेवर की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था में पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने, जेल सुरक्षा में नियुक्त पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ करने, प्रत्येक संदिग्ध व अवैध गतिविधि पर कडी नजर रखने, सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने तथा जेल सुरक्षा संबंधी निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जेल परिसर के अन्दर किसी भी प्रकार की प्रतिबन्धित सामग्री के प्रवेश पर रोक लगाने को लेकर सख्त हिदायत दी गयी तथा किसी भी अप्रत्याशित अथवा आपात परिस्थिति से निपटने के लिए जेल प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र प्रभावी बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।









