Home / Dholpur / भागवत श्रवण से जन्म-जन्मांतर के पाप होते हैं नष्ट: आचार्य कौशिक

भागवत श्रवण से जन्म-जन्मांतर के पाप होते हैं नष्ट: आचार्य कौशिक

भागवत श्रवण से जन्म-जन्मांतर के पाप होते हैं नष्ट: आचार्य कौशिक

कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आगाज

धौलपुर,28 नवंबर। शहर के सैंपऊ रोड स्थित सिंघारा पैलेस में शनिवार को सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं एकादशी व्रत उद्यापन का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य यजमान एवं परीक्षित गुड्डी शर्मा एवं राधेश्याम शर्मा के सानिध्य में प्रातः भव्य शोभा कलश यात्रा निकाली गई। पीले वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर चल रही थीं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। यात्रा के पंडाल पहुँचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री गणेश पूजन एवं व्यास पूजन संपन्न हुआ। कथा व्यास आचार्य विजयराम कौशिक (तासोड़ वाले) ने व्यास पीठ से श्रीमद् भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि साक्षात श्रीकृष्ण का वांग्मय स्वरूप है। उन्होंने भागवत श्रवण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को जीवन जीने की सही कला सिखाती है और मृत्यु के भय से मुक्त कर मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके श्रवण मात्र से मन के विकार दूर होते हैं, घर-परिवार में सुख-शांति आती है तथा व्यक्ति के जन्म-जन्मांतर के संचित पाप नष्ट हो जाते हैं। आचार्य कौशिक ने धुंधकारी और गोकर्ण की कथा का उदाहरण देते हुए समझाया कि करोड़ों जन्मों के पुण्य उदय होने पर ही भागवत श्रवण का अवसर प्राप्त होता है। जिस प्रकार गोकर्ण जी के द्वारा सुनाई गई भागवत कथा से प्रेत योनि में भटक रहे धुंधकारी को मुक्ति मिली, उसी प्रकार कलयुग में भागवत कथा मनुष्य के समस्त तापों को हरने वाली कल्पवृक्ष के समान है। कथा प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *