धौलपुर में कायस्थ समाज का दीपावली मिलन समारोह आयोजित
कलम दवात पूजन के साथ प्रतिभाओं का सम्मान
धौलपुर,12 नवंबर। कायस्थ समाज चित्रगुप्त समिति (रजि.) जिला धौलपुर का दीपावली मिलन समारोह बुधवार सायं प्राचीन चित्रगुप्त मंदिर पुराना शहर धौलपुर पर हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में जिले की विभिन्न कायस्थ प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भगवान चित्रगुप्त एवं कलम दवात पूजन तथा मंदिर के महंत मदन शर्मा द्वारा कथा वाचन के साथ आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ प्रतिभाएं देश की धरोहर हैं। देश का कायस्थ समुदाय स्वामी विवेकानंद,नेताजी सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र प्रसाद, लाल बहादुर शास्त्री,जय प्रकाश नारायन जैसे महापुरुषों के आदर्शो पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाता रहा है। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि समाज की एकता और अखंडता को बढ़ाने के लिए बनाए रखने के लिए हमें सदैव प्रयास करते रहना चाहिए उन्होंने समाज के वृद्ध आश्रम के लिए भूमि आवंटन की कार्यवाही के बारे में अवगत कराया। संचालन करते हुए जिला महामंत्री विजय श्रीवास्तव ने समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए समस्त का समुदाय से मंदिर के विकास के लिए तन मन धन के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। समारोह में जिले के सबसे वयोवृद्ध पूर्व शिक्षाविद मुरारी लाल श्रीवास्तव ( बसेड़ी) को चित्रांश वयोवृद्ध सम्मान 2026 प्रदान किया गया। वहीं, राजनीतिक क्षेत्र में ग्राम पंचायत चुनाव में विजयी शिवांगी श्रीवास्तव, समाज सेवा के क्षेत्र में विजय श्रीवास्तव, शैलेंद्र सक्सेना, निकेश सक्सेना,खेल क्षेत्र में डॉ अनुप अस्थाना, चिकित्सा क्षेत्र में रक्तवीर डॉ. नवनीत श्रीवास्तव, शिक्षा के क्षेत्र में वर्षिता कुलश्रेष्ठ एवं अनुष्का कुलश्रेष्ठ को सम्मानित किया गया।