रिमेंबरयंस डे पर सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों को दी श्रद्धांजलि
वाहन चालकों को किया जागरूक
धौलपुर, 13 नवम्बर। जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से वर्ल्ड रिमेंबरयंस डे के उपलक्ष्य में सड़क दुर्घटनाओं में अकाल मृत्यु का शिकार हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा, वाहन चालकों के लिए जागरूकता अभियान तथा सड़क सुरक्षा गतिविधियों का आयोजन किया गया।
परिवहन निरीक्षक हेमंत शर्मा ने बताया कि जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव के दिशा-निर्देशन में वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए समझाइश की गई। अभियान के दौरान ट्रैक्टरों एवं टेंपो पर रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में अपनों को खो चुके परिवारों के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद जिला बैडमिंटन संघ एवं जिला फुटबॉल संघ के सहयोग से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें मोमबत्तियां जलाकर सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने वाले चिकित्साकर्मियों, एम्बुलेंस चालकों एवं दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन (नेक मददगारों) को 15 नवम्बर को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर परिवहन निरीक्षक शैलेंद्र वर्मा एवं धौलपुर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मोहम्मद जाकिर हुसैन उपस्थित थे।










