आमजन को दी कानूनी प्रावधानों के संबंध में उपयोगी जानकारी
विधिक सेवा दिवस पर जागरूकता शिविरों का आयोजन
धौलपुर,11 नवंबर। विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में धौलपुर जिले के विभिन्न इलाकों में विधिक जागरुकता शिविरों का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा प्रेषित एक्शन प्लान की पालना में आयोजित शिविरों में आमजन को कानूनी प्रावधानों के संबंध में जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर की सचिव एडीजे रेखा यादव ने बताया कि विधिक सेवा दिवस के मौके पर अधिकार मित्रों द्वारा धौलपुर,बाडी,बसेडी एवं राजाखेड़ा में विभिन्न स्थानों पर विधिक सेवा दिवस के संबंध में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में अधिकार मित्रों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी के लिए न्याय सुलभ बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि आर्थिक अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय प्राप्त करने से वंचित न रहे। शिविरों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्यों, दिव्यांगजनों, औद्योगिक कामगारों, अभिरक्षा में रखे गए व्यक्तियों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित अन्य पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान किए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के अधिकारों, घरेलू हिंसा से संरक्षण, बाल विवाह निषेध, बाल अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों तथा समाज के कमजोर वर्गों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई।










