वृंदावन में परिक्रमा मार्ग में रशियन बिल्डिंग के फ्लैट में मृत मिला विदेशी श्रद्धालु
फ्लैट में पड़ा था शव, बदबू आने पर पता चली घटना
मथुरा,09 नवंबर। देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शुमार वृंदावन में एक विदेशी श्रद्धालु की मृत्यु का मामला सामने आया है। सोमवार को बदबू आने पर बिल्डिंग कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गेट की कड़ी तोड़कर अंदर पहुंची तो श्रद्धालु मृत पड़ा था। प्रारंभिक पड़ताल में मृत्यु की वजह बीमार होना पता चली है। रमणरेती चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शुभांशु यादव के मुताबिक परिक्रमा मार्ग स्थित रशियन बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 713 में रहने वाले 60 वर्षीय गैलार्डो एंड्रिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। गैलार्डो एंड्रिक मूल रूप से मध्य अमेरिका में स्थित देश कोस्टा रिका के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ सालों से वृंदावन में रहकर इस्कान में पूजा भक्ति कर रहे थे। सोमवार दोपहर रशियन बिल्डिंग के कर्मचारियों को उनके फ्लैट से बदबू आई। जब उन्होंने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इस पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दरवाजे की कड़ी तोड़कर अंदर दाखिल हुई। अंदर विदेशी श्रद्धालु मृत पड़ा था। शव देखकर भी अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब तीन-चार दिन पुराना है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि वह कुछ समय से बीमार चल रहा था। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि बीमारी के चलते ही उसकी मृत्यु हुई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
वृंदावन में परिक्रमा मार्ग में रशियन बिल्डिंग के फ्लैट में मृत मिला विदेशी श्रद्धालु










