“अपनी बीट पुलिस को जानें” QR कोड से मिलेगी पुलिस अधिकारियों की पूरी जानकारी
• आमजन और पुलिस के बीच समन्वय होगा और अधिक मजबूत
जयपुर, 29 अक्टूबर। जयपुर पुलिस द्वारा आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों को अपने क्षेत्र की बीट पुलिस एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ QR Code आधारित बीट जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। इस पहल से आमजन को अपने क्षेत्र की पुलिस से सीधे जुड़ने, आवश्यकतानुसार संपर्क करने और पुलिस संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसी क्रम में गुरुवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ (Know Your Police Beat) QR Code आधारित बीट जागरूकता बोर्ड का पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल द्वारा लोकार्पण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीट के लिए अलग QR कोड निर्धारित किया गया है तथा उसी बीट के अनुरूप जागरूकता बोर्ड तैयार किए गए हैं। प्रत्येक बीट क्षेत्र में 7 से 10 बोर्ड उपयुक्त स्थानों पर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। श्री मित्तल ने बताया कि इस पहल की शुरुआत प्रारंभिक चरण में पुलिस थाना मानसरोवर क्षेत्र से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध रूप से जयपुर पुलिस आयुक्तालय के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में संबंधित बीट के अनुसार जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक बोर्ड पर अंकित विशिष्ट QR कोड को स्कैन करने पर संबंधित बीट का विवरण, पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और संपर्क नंबर सहित संबंधित DCP, ADDNL. DCP, ACP, SHO तथा बीट अधिकारी का नाम एवं संपर्क नंबर उपलब्ध हो सकेगा।इस व्यवस्था की विशेषता यह है कि पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण अथवा पदस्थापन में परिवर्तन होने पर भी QR कोड स्कैन करने पर नवीन पदस्थापित अधिकारी का नाम और संपर्क नंबर प्रदर्शित होगा। इससे नागरिकों को अधिकारियों के अद्यतन संपर्क विवरण प्राप्त करने में आसानी होगी और पुरानी जानकारी के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाना तथा पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में श्री ओमप्रकाश, विशेष पुलिस आयुक्त, डॉ. अजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), श्री प्रदीप मोहन शर्मा अतिरिक्त, पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन), डॉ. रामेश्वर सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम), श्री योगेश गोयल, पुलिस उपायुक्त (क्राइम), श्री राजर्षि राज, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण), श्रीमती अनुष्ठा कालिया, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
“अपनी बीट पुलिस को जानें” QR कोड से मिलेगी पुलिस अधिकारियों की पूरी जानकारी










