पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, कौलारी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
धौलपुर,27 अक्टूबर। आगामी पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं चुनावी तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्री श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में पुलिस अधिकारी एवं जवान चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं।इसी क्रम में आज वृताधिकारी वृत्त सैंपऊ श्री मनोहर मीणा एवं थानाधिकारी थाना कौलारी श्री हरिनारायण मीणा ने पुलिस टीम के साथ कौलारी क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के मतदाताओं से संवाद कर उन्हें बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने के लिए समझाइश की। साथ ही आमजन को आश्वस्त किया कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। धौलपुर पुलिस द्वारा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों एवं कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों पर निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी।










