धौलपुर में उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का हुआ आगाज
0 से 5 वर्ष तक के 2लाख 17 हज़ार नौनिहालों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की
धौलपुर,22 नवंबर। धौलपुर जिले में उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आगाज रविवार को हुआ। अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जिले में कुल 2 लाख 17 हजार 609 नौनिहालों को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थय विभाग का प्रयास है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे। इसके लिए चिकित्सा कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के तहत उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण 22 से 24 नवम्बर तक संचालित होगा। अभियान के पहले दिन रविवार 22 नवम्बर को जिले में स्थापित 1091 टीकाकरण बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद अगले दो दिनों तक विभाग की ओर से गठित मोबाइल टीमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर बूथ पर खुराक लेने से वंचित रहे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित पर्यवेक्षण के लिए जिले में 167 फील्ड सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। अभियान के तहत कुल 1091 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि 63 ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। पूरे अभियान में 1154 टीमें बनाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्मिकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरसीएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष रूप से ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों, घुमंतू परिवारों तथा रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले या आवागमन करने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मोबाइल टीमें ऐसे क्षेत्रों में पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 22 नवम्बर को अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से खुराक पिलाएं। पोलियो से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अभियान में जनभागीदारी बेहद जरूरी है।