Home / Rajasthan / ‘सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण’ – रूपवास क्षेत्र में 116 बेटियों के किए हाथ पीले – राज्यपाल ने दिया नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र

‘सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण’ – रूपवास क्षेत्र में 116 बेटियों के किए हाथ पीले – राज्यपाल ने दिया नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र

‘सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण’

– रूपवास क्षेत्र में 116 बेटियों के किए हाथ पीले
– राज्यपाल ने दिया नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र

-राजेश खण्डेलवाल

भरतपुर,20 नवंबर। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शुक्रवार को जिले के रूपवास क्षेत्र में बौकोली मोड़ स्थित मां केला देवी स्टोन क्रशर परिसर में आयोजित 116 बेटियों के सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने बगलामुखी राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम में भी भाग लिया। राज्यपाल बागड़े ने कहा कि 116 बेटियों का सामूहिक विवाह उत्सव सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। राज्यपाल ने चन्द्रप्रकाश व्यास व अन्य आयोजकों के उस निर्णय की प्रशंसा की, जिसके तहत उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान का विवाह सामूहिक आयोजन में कर गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग का अनुकरणीय संदेश दिया।राज्यपाल ने कहा कि भारतीय परंपरा में विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन है। नवदंपतियों को सुखी वैवाहिक जीवन का मंत्र देते हुए राज्यपाल ने कहा कि दांपत्य जीवन में आपसी समझ, प्रेम, विश्वास और धैर्य का विशेष महत्व है। उन्होंने सभी 116 नवदंपतियों के सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

राज्यपाल ने शिक्षा को व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि विवाह समारोहों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर रोक लगाकर उस धनराशि को बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारवान युवा ही सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं। राज्यपाल ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी की क्षमता, प्रतिभा और भविष्य को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि परिवार, समाज और सामाजिक संगठनों को आगे आकर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩे का संकल्प लेना चाहिए।समारोह में भरतपुर नगर निगम की महापौर अनुराधा सिंह, धौलपुर नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़, पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, महेंद्रसिंह मग्गो, सद्गुरू राजकुमार, अनुराग शर्मा,रामअख्त्यार सिंह,राम शर्मा,सुमित राना,उमाकांत शर्मा,योगेश शास्त्री,यदुनाथ शर्मा,नाहर सिंह सिकरवार,मुरारीलाल सिंघल,हरिनिवास शर्मा,कल्याण शर्मा आदि मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons