पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य निर्वाचन की मतगणना 20 नवम्बर को
धौलपुर, 18 नवम्बर। पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य निर्वाचन-2026 के तहत धौलपुर जिले की पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्र की धौलपुर, बाड़ी, सैपऊ, राजाखेड़ा, बसेड़ी एवं सरमथुरा पंचायत समिति सदस्यों एवं जिला परिषद सदस्य की मतगणना 20 नवम्बर शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़ी रोड धौलपुर में आयोजित की जाएगी। मतगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतगणना कक्षों एवं टेबलों की व्यवस्था निर्धारित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य को मतगणना वार्डवार की जाएगी। प्रत्येक वार्ड की मतगणना संबंधित मतगणना कक्ष में निर्धारित टेबल पर होगी। उन्होंने बताया कि सभी मतगणना कक्षों में बैरीकेटिंग, जाली, माईक, लाईट, फर्नीचर, टेबिल व टेबिल कवर की व्यवस्था की जाएगी। पंचायत समिति सदस्य की मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी जिसके गणन अभिकर्ताओं को प्रातः 7.30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा तथा जिला परिषद सदस्य वार्ड की मतगणना 11.30 बजे से प्रारंभ होगी जिसके गणन अभिकर्ताओं को 11 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना कार्य के लिए नियुक्त सभी गणन पर्यवेक्षक एवं गणन सहायक आवश्यक रूप से प्रातः 7 बजे तक राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़ी रोड धौलपुर में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि अधिकृत अधिकारी द्वारा जारी किए गए परिचय पत्र के आधार पर ही मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। चुनाव पर्यवेक्षक, जिला मजिस्ट्रेट, जिला पुलिस अधीक्षक, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के वाहन एवं अन्य वाहन जिन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी विशेष रूप से अधिकृत करें उनके वाहन महाविद्यालय के मुख्य द्वार से मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए है। मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए अधिकृत व्यक्तियों की पूरी छानबीन एवं निगरानी के पश्चात ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर कोई भी व्यक्ति द्वारा बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू, पान मसाला तथा किसी भी प्रकार का धुम्रपान नहीं किया जाएगा। प्रवेश करने वाले व्यक्तियों की भली-भांति तलाशी लेने के उपरान्त ही अन्दर प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर बनाए गए मैटल डिटेक्टर से गुजरने के उपरान्त ही प्रवेश दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर किसी भी व्यक्ति को हथियार, मोबाइल फोन, कॉर्डलेस फोन लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अधिकृत व्यक्ति ही मोबाइल फोन ले जा सकेगें। अभ्यर्थियों के निजी वाहनों की मतगणना स्थल से 200 मीटर की दूरी पर ही पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
मतगणना स्थल पर प्रवेश की यह रहेगी व्यवस्था
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्रों के वार्डो की मतगणना वार्डवार एक टेबिल पर ही होगी, गणन अभिकर्ता को उनके अनुमति पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक गणना अभिकर्ता को अपना अनुमति पत्र लगाकर रखना होगा। मतगणना स्थल पर किसी अनाधिकृत व्यक्ति को बाहर या इधर-उधर नहीं घुमने दिया जाएगा। गणन अभिकर्ता यदि बाहर जाएगा तो उसका अनुमति पत्र जमा कर लिया जाएगा तथा उसे फिर मतगणना भवन में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मतगणना स्थल पर अन्य व्यवस्था भी रहेगी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल की सफाई करने के लिए नगर परिषद आयुक्त द्वारा नियुक्त कार्मिकों द्वारा प्रत्येक मतगणना हॉल की समय-समय पर सफाई की जाएगी। प्रभारी अधिकारी सामान्य प्रकोष्ठ के द्वारा प्रत्येक मतगणना कक्ष के बाहर पेयजल के लिए जग आदि की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना कक्ष में दोहरी विद्युत व्यवस्था की जाएगी जो जनरेटर सेटो तथा सामान्य विद्युत सप्लाई द्वारा रहेगी। विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सहायक अभियन्ता जेवीवीएनएल को मतगणना समाप्ति तक विद्युत व्यवस्था प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मतगणना स्थल पर माईक व्यवस्था, रिजर्व मतगणना दल, चिकित्सा सुविधा, कानून व्यवस्था तथा मोबाइल जमा काउन्टर आदि व्यवस्था की गई है।










