धौलपुर में जमीनी विवाद में कुएं में कूदने से पिता और पुत्र की मौत
घटना के पीछे जमीनी विवाद की बात आई सामने
धौलपुर,09 नवंबर। धौलपुर में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्य कुएं में कूद गए। हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई। मौके पर पंहुची पुलिस ने महिला को बचा लिया। दीपावली की रात को हुई इस घटना की पृष्ठभूमि में जमीनी विवाद की बात सामने आई है। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि दीपावली की रात को पुलिस को पुराना शहर के पटपरा इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों के कुएं में कूदने के संबंध में सूचना मिली थी।

इस सूचना पर मौके पर पंहुची कोतवाली पुलिस को पटपरा मौहल्ला निवासी करीब 60 वर्षीय सुरेश उर्फ पप्पू कुशवाह तथा उसका करीब 25 वर्षीय पुत्र इंद्रेश उर्फ छोटू तथा करीब 55 वर्षीय पत्नी सरोज के कुएं में कूदने की बात सामने आई। पुलिस ने कुएं में सीढी डालकर पुलिस के जवान को नीचे उतार कर बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों को कुएं से बाहर निकाल लिया,लेकिन इस हादसे में सुरेश उर्फ पप्पू कुशवाह तथा उसके पुत्र इंद्रेश उर्फ छोटू की मौत हो गई। पुलिस ने टीम ने सुरेश उर्फ पप्पू कुशवाह की पत्नी सरोज देवी को बचा लिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक सुरेश कुशवाह का पास के एक मंदिर की जमीन को लेकर महंत और भू माफियाओं के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते कुशवाह परिवार परेशान था। पुलिस तथा परिजनों ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से सुरेश तथा उसके परिजन परेशान चल रहे थे। दीपावली की रात को सुरेश कुशवाह घर के बाहर खेत में टहल थे। तभी एक दुस्साहसिक कदम उठाते हुए सुरेश अचानक कुएं में कूद गए। पिता सुरेश को कुएं में कूदते देखकर पुत्र इंद्रेश और पत्नी सरोज देवी भी कुएं में कूद गई। कोतवाली प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्मार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जा रहा है। इसके साथ ही पीडित परिवार कीे ओर से दिए गए परिवाद के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।










