Home / Rajasthan / जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया सघन निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया सघन निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने मतदान केंद्रों का किया सघन निरीक्षण
आमजन भयमुक्त होकर करें मतदान, मतदानकर्मी पारदर्शिता से करें कार्य-जिला निर्वाचन अधिकारी

भरतपुर, 2 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी एवं जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने सोमवार को बयाना एवं भुसावर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनाव तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बयाना उपखंड क्षेत्र के गाजीपुर, सालाबाद, बिड़यारी स्थित विशेष योगदान वरिष्ठ नागरिक आदर्श मतदान केंद्र तथा वीरमपुरा, कलसाड़ा, जसपुरा मोरोली एवं भुसावर क्षेत्र के सलेमपुर कला, बल्लभगढ एवं घाटरी आदि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदान दिवस के लिए किए जा रहे आवश्यक बंदोबस्त का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने  कहा कि पंचायती राज आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन कार्य में नियुक्त प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता से निर्वहन करें। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा वे निर्भीक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कमियों का तत्काल निराकरण करें।
सुरक्षा व्यवस्था में नहीं रहे कोई कमी- पुलिस अधीक्षक
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों से कानून एवं व्यवस्था संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी से कार्य करें। निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। इस दौरान मतदान दल गठन प्रभारी सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आलोक सिंह, भुसावर आरओ राधेश्याम मीणा, बयाना आरओ अलका श्रीवास्तव, तहसीलदार नितेश गोयल, मेहन्द्र कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *