Home / Dholpur / दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा

 

 

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा

धौलपुर में सन्दिग्ध 750 किलोग्राम घी सीज

धौलपुर,02 नवंबर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के विरुद्ध चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों एवं परिवहन के दौरान खाद्य सामग्री की सघन जांच की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने रविवार को एस.एस. फूड प्रोडक्ट्स, जे-246, रीको औद्योगिक क्षेत्र, धौलपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में संदिग्ध स्थिति में मिले घी के 50 पीपे सीज किए गए। प्रत्येक पीपे में 15 किलोग्राम घी होने के अनुसार कुल 750 किलोग्राम घी को नियमानुसार सीज किया गया। इसी क्रम में सोमवार को राजाखेड़ा क्षेत्र में गांव देवसेड़ा के समीप खाद्य सुरक्षा दल ने सोनू ड्राइवर के वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन से स्किम्ड मिल्क पाउडर के 14 कट्टे, प्रत्येक 25 किलोग्राम वजन के तथा रिफाइंड ऑयल के 7 पीपे, प्रत्येक 15 किलोग्राम वजन के पाए गए। खाद्य सुरक्षा दल ने कुल 350 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर एवं 105 किलोग्राम रिफाइंड ऑयल को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत सीज किया। इसके साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आमजन से अपील की कि दीपावली पर मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखें तथा मिलावट की आशंका होने पर विभाग को सूचना दें। अभियान के दौरान लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *