जिला कारागृह के बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी
सचिव रेखा यादव ने किया जिला कारागृह का निरीक्षण
धौलपुर,29 अक्टूबर।। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एडीजे रेखा यादव द्वारा बुधवार को जिला कारागृह धौलपुर का साप्ताहिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव रेखा यादव ने बंदियों से उनके प्रकरणों में हुई न्यायिक कार्यवाही, सजा से संबंधित स्थिति, अपील दायर किए जाने तथा अधिवक्ता की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से यह भी जानकारी प्राप्त की कि उन्हें अपने प्रकरणों की पैरवी के लिए आवश्यक विधिक सहायता मिल रही है अथवा नहीं। जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों के बारे में अवगत कराया गया। सचिव रेखा यादव ने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि आर्थिक अथवा अन्य किसी कारण से कोई भी व्यक्ति न्याय प्राप्त करने से वंचित नहीं रहना चाहिए। पात्र बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। इसके अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को अधिवक्ता की सुविधा सहित आवश्यक विधिक मार्गदर्शन प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने बंदियों को अपनी विधिक समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित प्राधिकरण से संपर्क करने के संबंध में भी जानकारी दी। इस मौके पर जेल अधीक्षक सुमन कुमारी मीणा सहित कारागृह का स्टॉफ एवं बंदीजन मौजूद रहे।










