धौलपुर में 600 किलो मावा और 45 किलो वनस्पति घी नष्ट कराया
धौलपुर,29 अक्टूबर।। दीपावली के त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीणा ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुरसेड़ा खुर्द जसुपुरा स्थित लक्ष्मीधर मावा प्लांट से मावा, मिश्रित दूध, रिफाइंड पामोलीन तेल एवं क्रीम के नमूने लिए साथ ही मौके से लगभग 600 किलोग्राम मावा दूषित एवं दुर्गंधयुक्त मावा गड्ढा खुदवाकर नष्ट करवाया गया। साथ ही एक्सपायरी वनस्पति घी मिलने पर लगभग 45 किलोग्राम वनस्पति को भी मौके पर ही नष्ट करवाया गया। दूसरी कार्यवाही के दौरान कुरसेड़ा कला, तहसील मनियां स्थित मुकेश दूध डेयरी एवं मावा प्रोडक्ट से मावा एवं क्रीम के नमूने लिए। अभियान के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली के मद्देनजर दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों, खाद्य तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।










