उत्कृष्ट विद्यालय मुरैना में संविधान दिवस का आयोजन, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को बताया संविधान का महत्व
न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता भारतीय संविधान के मूल आधार, इन मूल्यों का पालन करना हम सभी का दायित्व – कलेक्टर
मुरैना, 26 नवम्बर /संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरैना में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदौलिया, महिला बाल विकास अधिकारी, डीपीसी, स्कूल के प्राचार्य श्री मुकेश शांडिल्य, शिक्षक डॉ. राकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत वंदे मातरम् के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि भारतीय संविधान की उद्देशिका संविधान की आत्मा है। इसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के चार प्रमुख शब्दों में संविधान का संपूर्ण सार समाहित है। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने के साथ विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसकी शक्तियों का स्रोत भारत की जनता है। संविधान का निर्माण भारत के लोगों ने किया है और देश की शासन व्यवस्था संविधान के अनुरूप संचालित होती है। कलेक्टर ने कहा कि भारतीय संविधान निर्माताओं ने दूरदर्शिता के साथ संविधान का निर्माण किया, जिसमें देश की शासन व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और विभिन्न संस्थाओं के दायित्वों को विस्तार से स्पष्ट किया गया है। संविधान लागू होने के साथ ही देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को समान मतदान का अधिकार प्रदान किया गया। इसमें महिला और पुरुष के बीच कोई भेदभाव नहीं रखा गया तथा प्रत्येक मत का समान महत्व सुनिश्चित किया गया। यह राजनीतिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ ही प्रत्येक नागरिक के कुछ कर्तव्य भी हैं। हमें संविधान की भावना को समझते हुए अपने आचरण और व्यवहार में न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं आपसी भाईचारे के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने कहा कि हमारा संविधान देश के महान संविधान निर्माताओं के त्याग, समर्पण और दूरदर्शिता का परिणाम है। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश के कर्णधारों ने भारत की परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप अपना संविधान तैयार किया। आज हमारा देश अपने ही देश के महान संविधान निर्माताओं द्वारा बनाए गए संविधान के अनुसार संचालित होता है। उन्होंने कहा कि संविधान का अक्षरशः पालन करना, उसकी मूल भावना को समझना और उसके अनुरूप आचरण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के प्रति सम्मान रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।