विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन
धौलपुर,23 नवंबर। विश्व एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार दुबे के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष सारस्वत के समन्वय में किया गया। इसमें महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, चिकित्सकों एवं अन्य अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, व्याख्यान श्रृंखला तथा नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की बढ़ती चुनौती और इसके प्रति सामूहिक जागरूकता की आवश्यकता को रचनात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों, एंटीबायोटिक प्रतिरोध की बढ़ती समस्या तथा इसकी रोकथाम के उपायों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। पोस्टर, रंगोली एवं स्लोगन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया, वहीं नुक्कड़ नाटक एवं व्याख्यान श्रृंखला के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश प्रभावशाली तरीके से दिया गया। व्याख्या में एएमार की चुनौतियों, रोकथाम एवं संक्रमण नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण शैक्षणिक जानकारी साझा की गई। सभी संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए बताया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सक की सलाह पर और निर्धारित अवधि एवं खुराक के अनुसार ही करना चाहिए। बिना आवश्यकता एंटीबायोटिक लेना, स्वयं दवा शुरू करना अथवा निर्धारित उपचार में लापरवाही करना एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध की समस्या को और गंभीर बना सकता है।
इस वर्ष विश्व जागरूकता सप्ताह की थीम वन हेल्थ वन एक्शन रही। यह थीम मानव, पशु एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ मानते हुए एएमआर की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल देती है। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आमजन में एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार एवं विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के सफल संचालन में माधुरी गुप्ता, हेमलता गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता, हेमंत कुमार, साक्षी कुमार, अनिल कुमार गोयल संकाय सदस्यों एवं अधिकारियों का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा।