पंचायत चुनाव में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराएं : श्रीनिधि
धौलपुर में पंचायत चुनाव के लिए मतदान दल रवाना
धौलपुर,02 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के तहत मतदान दल का द्वितीय (अंतिम) प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद में पॉलिटेक्निक कॉलेज से मतदान दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री और ईवीएम मशीनों के साथ निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिले में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को धौलपुर, बाड़ी और सैंपऊ पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। पंचायत चुनाव के मतदान के लिए सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने मतदान दलों में शामिल कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्मिक मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। जिले में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराएं। यह सुनिश्चित किया जाए,कि सभी पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी एवं भय के अपना मतदान कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में कुल 426 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन केंद्रों पर 3 लाख 64 हजार 788 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान ईवीएम मशीनों के माध्यम से कराया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान जिले में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए हैं। मतदान केन्द्रों पर पुलिस एवं आरएसी के जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीनों पंचायत समिति क्षेत्रों में करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा,जिला परिषद की सीईओ श्रेष्ठा श्री एवं चुनाव पर्यवेक्षक सक्षम गोयल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।










