Home / Rajasthan / एक हादसे ने जिंदगी की राह बदली – माता-पिता ने हौसला दिया तो भरतपुर के रुद्रांश ने पाया अर्जुन अवॉर्ड

एक हादसे ने जिंदगी की राह बदली – माता-पिता ने हौसला दिया तो भरतपुर के रुद्रांश ने पाया अर्जुन अवॉर्ड

एक हादसे ने जिंदगी की राह बदली

– माता-पिता ने हौसला दिया तो भरतपुर के रुद्रांश ने पाया अर्जुन अवॉर्ड

अमरपाल सिंह वर्मा/राजेश खण्डेलवाल

भरतपुर,19 नवंबर। वह बच्चा उस समय महज आठ साल का था, जब एक शादी समारोह में हुए हादसे ने उसकी जिंदगी बदल दी। आतिशबाजी के दौरान हुए विस्फोट में उसे अपना एक पैर गंवाना पड़ा। करीब तीन साल तक इलाज और शारीरिक तकलीफों से जूझना पड़ा। इस दौरान दूसरे बच्चों को खेलते-कूदते देखकर उनके मन में भी मैदान में उतरने की इच्छा होती। वह अपनी मां से पूछता, ‘‘मम्मी, क्या मैं भी खेल पाऊंगा?’’ मां उसे भरोसा दिलाती कि वह भी दूसरे बच्चों की तरह खेलेगा। पिता ने भी हर मुश्किल में उसका हौसला बनाए रखा। परिवार के इसी भरोसे और बच्चे की मेहनत ने उसे उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां अब उसे देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार यानी अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होने का गौरव हासिल हुआ है।
यह कहानी है भरतपुर के रुद्रांश खण्डेलवाल की। रुद्रांश पैरा शूटिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2023 में दो रजत पदक जीते। इसके अलावा विश्व शूटिंग चैंपियनशिप और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए। उनके नाम चार विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। वर्ष 2023 में वह 50 मीटर शूटिंग स्पर्धा में विश्व के नंबर वन खिलाड़ी रहे। पेरिस पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना भी उनके करियर की अहम उपलब्धि के रूप में दर्ज हुई है।
राष्ट्रपति भवन में हाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रांश को अर्जुन अवॉर्ड प्रदान किया तो इस अवसर पर मौजूद उनके पिता आशुतोष खण्डेलवाल और मां विनीता खण्डेलवाल की आंखें खुशी से छलक उठीं। पुरस्कार के रूप में रूद्रांश को 15 लाख रुपए, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और औपचारिक पोशाक प्रदान की गई। इस बार राजस्थान से अर्जुन अवॉर्ड पाने वाले रुद्रांश एकमात्र खिलाड़ी हैं। यह अवॉर्ड पा कर उन्हेें भरतपुर संभाग के पहले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल हुआ है, जिन्हें यह सम्मान मिला है।

आतिशबाजी ने छीन लीं थीं खुशियां

रुद्रांश के माता-पिता आज भी उस हादसे को याद कर आहत हो जाते हैं, जिसने उन्हें विचलित कर दिया था। कजिन सिस्टर की शादी के समारोह में गए रुद्रांश आतिशबाजी के दौरान हुए विस्फोट की चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई और आखिरकार उन्हें एक पैर गंवाना पड़ा। पूरी तरह स्वस्थ होने और सामान्य जीवन की ओर लौटने में उन्हें करीब तीन साल लग गए। इस दौरान उन्हें कई शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

मां-पिता की बदौलत बरकरार रहा हौसला

हादसे के बाद जब रुद्रांश दूसरे बच्चों को खेलते और दौड़ते देखते तो उनका भी खेलने का मन करता था। उनकी मां विनीता खण्डेलवाल बताती हैं कि रुद्रांश अक्सर उनसे पूछता था कि क्या वह भी दूसरे बच्चों की तरह खेल पाएगा। मैं उसे भरोसा दिलाती कि वह जरूर खेलेगा और स्कूल भी जाएगा। पिता आशुतोष ने भी बेटे को यही समझाया कि वह चिंता न करे, एक दिन फिर अपने पैरों पर चलेगा। पूरे परिवार ने रुद्रांश को परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। इसी कोशिश में उनके लिए कृत्रिम पैर भी तैयार करवाया गया ताकि वह अपनी दिनचर्या और खेल गतिविधियां शुरू कर सके।

लोहागढ़ में मिली शूटिंग की राह

रुद्रांश के खेल जीवन की शुरुआत एयर पिस्टल शूटिंग से हुई। मां विनीता एक बार बीएड कॉलेज की छात्राओं को स्पोट्र्स प्रभारी के रूप में लोहागढ़ स्टेडियम लेकर गई थीं। वहां उन्होंने पहली बार एयर पिस्टल शूटिंग देखी। इसके बाद उन्होंने बेटे के लिए कोच से बात की। कोच ने बताया कि रुद्रांश भी इस खेल में हिस्सा ले सकता है। इसी दिन से रुद्रांश ने शूटिंग की दुनिया में कदम रख लिया। शुरुआत में उन्हें अभ्यास के दौरान कुछ दिक्कतें आईं लेकिन नियमित शारीरिक व्यायाम और अभ्यास से धीरे-धीरे उनका प्रदर्शन बेहतर होता गया। रुद्रांश प्रतिदिन करीब दो घंटे अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज करते हैं। पिछले कुछ सालों से वे लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।

बनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान

रुद्रांश अब तक 25 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। अर्जुन अवॉर्ड के लिए उनके चयन का आधार बने 10 पदकों में छह स्वर्ण और चार रजत पदक शामिल हैं। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2023 में दो रजत और लीमा विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीते। वहीं ओसिजेक विश्व कप-2023, नई दिल्ली विश्व कप 2024 और चांगवोन विश्व कप-2025 में दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए। एशियन पैरा गेम्स में दो रजत पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी रुद्रांश को बधाई दी थी। अब अर्जुन अवॉर्ड हासिल करके उन्होंने भरतपुर को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *