Home / Dholpur / सचिव रेखा यादव ने किया बाल संप्रेषण गृह, बाल देखरेख एवं संरक्षण गृह तथा शिशु गृह का औचक

सचिव रेखा यादव ने किया बाल संप्रेषण गृह, बाल देखरेख एवं संरक्षण गृह तथा शिशु गृह का औचक

सचिव रेखा यादव ने किया बाल संप्रेषण गृह, बाल देखरेख एवं संरक्षण गृह तथा शिशु गृह का औचक
निरीक्षण बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
धौलपुर, 4 नवम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संजीव मागो के निर्देशन में सचिव रेखा यादव द्वारा बाल संप्रेषण गृह, बाल देखरेख एवं संरक्षण गृह तथा शिशु गृह का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य संस्थाओं में आवासरत बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, उनके संरक्षण, पुनर्वास तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।

सर्वप्रथम शिशु गृह का निरीक्षण किया गया निरीक्षण दौरान 2 शिशु मौजूद थे, शिशु गृह के निरीक्षण के दौरान सचिव ने शिशुओं की देखभाल, पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, रहने की व्यवस्था तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से शिशु गृह में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा बच्चों के उपयोग में आने वाले कंबल, रजाई, गद्दे एवं चादरों की नियमित रूप से साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए साथ ही कमरों की खिड़कियां एवं पर्दे आवश्यकतानुसार खोलकर रखने, पर्याप्त हवा एवं प्रकाश की व्यवस्था बनाए रखने संबंधी निर्देश प्रदान किए।

साथ ही सचिव ने बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध विधि से संघर्षरत बालकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं, रहन-सहन, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालकों से आपसी व्यवहार एवं संस्थान में रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी अथवा असुविधा के बारे में भी पूछा। सचिव ने बालकों को आपस में मिल-जुलकर प्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहने, एक-दूसरे के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार के लड़ाई-झगड़े एवं विवाद से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सभी बालकों को अनुशासन एवं आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य के निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही बालकों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या अथवा परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि उसका समयबद्ध समाधान किया जा सके। निरीक्षण दौरान प्रिंसीपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड बबीता वर्मा, अधीक्षक मुरारी लाल मीणा, स्टेनो राहुल डंडौतिया, अधिकार मित्र दिव्या उपाध्याय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *