सचिव रेखा यादव ने किया सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान आवश्यक रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए
धौलपुर, 4 नवम्बर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो के निर्देशन में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेखा यादव ने महिला अधिकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव द्वारा केंद्र में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं एवं बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्था, परामर्श सुविधा, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय सखी वन स्टॉप सेंटर पर कोई भी पीड़ित महिला अथवा बालिका उपस्थित नहीं मिली। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान केंद्र में संधारित किए जाने वाले आवश्यक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
इस संबंध में सचिव द्वारा इंचार्ज सखी वन स्टॉप सेंटर से यह भी जानकारी प्राप्त की गई कि जब सखी वन स्टॉप सेंटर में आवश्यक रजिस्टर उपलब्ध नहीं हैं, तो सखी वन स्टॉप सेंटर पर आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं की प्रविष्टियां किस प्रकार दर्ज की जाती हैं तथा उनके प्रकरणों से संबंधित रिकॉर्ड का संधारण किस प्रकार किया जा रहा है साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर इंचार्ज को निर्देशित किया कि पूर्व इंचार्ज द्वारा दिए गए चार्ज को संभालने के पश्चात आवश्यक रजिस्टरों एवं अभिलेखों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धौलपुर के कार्यलय में चैक कराएं।










