दीपावली से पहले मिलावट पर वार, बाड़ी में 100 किलो दूषित चाशनी नष्ट, खाद्य पदार्थों के 6 नमूने लिए
धौलपुर, 4 नवम्बर। दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण के निर्देशानुसार जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का निरीक्षण कर नमूनीकरण और संदिग्ध खाद्य पदार्थों को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने बुधवार को बाड़ी कस्बे में अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूनीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान होरीलाल प्रजापत मावा प्लांट से मावा, क्रीम एवं रिफाइंड पामोलिन तेल के नमूने लिए गए। वहीं श्रीराम मिष्ठान भंडार से मावा एवं काजू कतली तथा मित्तल मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान लगभग 100 किलोग्राम दूषित चाशनी मौके पर पाई गई, जिसे खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल मौके पर ही नष्ट करवाया, ताकि इसका उपयोग मिठाइयों के निर्माण में नहीं हो सके। विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार, गौरव परिहार, रविंद्र मीणा एवं दीक्षा की टीम द्वारा दीपावली के मद्देनजर बाजारों, डेयरियों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण एवं नमूनीकरण किया जा रहा है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने तथा आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक विशेष अभियान जारी रहेगा तथा मिलावटखोरी कर आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली से पहले मिलावट पर वार, बाड़ी में 100 किलो दूषित चाशनी नष्ट, खाद्य पदार्थों के 6 नमूने लिए










