पंचायतीराज चुनाव 2026: सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट
ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च कर मतदाताओं को दिया जा रहा भयमुक्त मतदान का भरोसा
धौलपुर,04 नवंबर। जिले की धौलपुर, बाड़ी व सैंपऊ पंचायत समितियों में 05 नवंबर होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंचों के निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के ग्रामीण इलाकों में पुलिस टीमों द्वारा पैदल फ्लैग मार्च एवं गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी एवं जवान गांव-गांव पहुंचकर पैदल फ्लैग मार्च कर रहे हैं। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण कायम करने के साथ-साथ मतदाताओं को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा ग्रामीण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर मतदान केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों को सख्त कार्रवाई के प्रति आगाह किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने आमजन एवं मतदाताओं से अपील की गई है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन अथवा अफवाहों के प्रभाव में न आएं तथा मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा चुनाव संबंधी गड़बड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।धौलपुर पुलिस निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।










