Home / Dholpur / जिला परिषद चुनाव : महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ा

जिला परिषद चुनाव : महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ा

 

 

जिला परिषद चुनाव : महिला मतदाताओं ने पुरुषों को पछाड़ा

मतदान प्रतिशत में 4.07 प्रतिशत की बढ़त, 15 वार्डों में महिलाओं का पुरुषों से अधिक मतदान

धौलपुर,04 नवंबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में तृतीय चरण के दौरान जिला परिषद सदस्य के 17 वार्डों के लिए 3 नवम्बर को संपन्न हुए मतदान में महिला मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता, सक्रियता एवं सहभागिता का परिचय देते हुए पुरुष मतदाताओं को पीछे छोड़ दिया। मतदान के दौरान महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 4.07 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं, जिला परिषद सदस्य के चुनाव में 17 में से 15 वार्डों में महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज कराई। प्रभारी अधिकारी सांख्यिकी प्रकोष्ठ पंचायती राज आम चुनाव-2026 रामेश्वर महावर से प्राप्त जानकारी के अनुसार तृतीय चरण में जिला परिषद सदस्य के 17 वार्डों में कुल 4 लाख 14 हजार 55 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 2 लाख 76 हजार 784 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार जिले में कुल 66.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 2 लाख 22 हजार 123 पंजीकृत पुरुष मतदाताओं में से 1 लाख 44 हजार 299 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल पुरुष मतदाताओं का 64.96 प्रतिशत है। वहीं, 1 लाख 91 हजार 932 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1 लाख 32 हजार 485 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार महिलाओं का मतदान प्रतिशत 69.03 प्रतिशत रहा, जो पुरुषों के मतदान प्रतिशत से 4.07 प्रतिशत अधिक है। जिला परिषद सदस्य के 17 वार्डों में हुए मतदान के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर सामने आया कि वार्ड संख्या 8 एवं 11 को छोड़कर शेष सभी 15 वार्डों में महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत पुरुष मतदाताओं की तुलना में अधिक रहा। यह आंकड़ा जिले में महिला मतदाताओं की बढ़ती जागरूकता, लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और चुनावों में सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। महिला मतदाताओं की इस उत्साहजनक सहभागिता से यह स्पष्ट हुआ है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अब न केवल अपने मताधिकार के महत्व को समझ रही हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के चयन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *