Home / Dholpur / महासंघ ने शिक्षकों की वित्तीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की उठाई मांग

महासंघ ने शिक्षकों की वित्तीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की उठाई मांग

 

 

महासंघ ने शिक्षकों की वित्तीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की उठाई मांग
शैक्षिक महासंघ की दीपावली पूर्व वार्ता रही सकारात्मक
धौलपुर,04 नवंबर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा), जिला धौलपुर ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा के साथ की गई सचिव स्तरीय वार्ता का स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल बताया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित वित्तीय मांगों एवं समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग रखी। वार्ता में प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में स्टाफिंग पैटर्न के तहत पदों की स्वीकृति, 31 दिसंबर के पश्चात नियुक्त शिक्षकों को न्यायालय के निर्णयानुसार समस्त परिलाभ, बीएड इंटर्नशिप अवधि का पूर्ण वेतन, शिक्षक कल्याण बोर्ड का गठन तथा शिक्षकों से की जा रही विभिन्न वसूलियों पर रोक लगाने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इसके साथ ही समग्र शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के चार माह के लंबित वेतन का दीपावली से पूर्व भुगतान करवाने, विद्यालयों में कार्यरत कुक-कम-हेल्पर्स के लंबित मानदेय, कन्वर्जन राशि तथा दूध-चीनी की राशि का तत्काल भुगतान करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। वार्ता में टीएसपी एवं नॉन-टीएसपी क्षेत्र के शिक्षकों के समायोजन एवं स्थानांतरण, पे-प्रोटेक्शन, तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबंधकों की वेतन विसंगतियों को दूर करने तथा 33 हजार संविदा शिक्षकों को प्रबोधकों की भांति नियमित करने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई। शर्मा ने बताया कि सचिव स्तरीय वार्ता सकारात्मक रही तथा अतिरिक्त मुख्य सचिव महोदय ने शिक्षकों की मांगों एवं संगठन के सुझावों पर सकारात्मक रुख रखते हुए वित्तीय मांगों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *