सभापति ने किया अन्नपूर्णा रसोइयों का औचक निरीक्षण
मानकों तथा भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : गर्ग

मानकों तथा भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : गर्ग
धौलपुर,04 नवंबर। धौलपुर नगर परिषद के सभापति गिरीश गर्ग एवं राजस्व निरीक्षक राजत जैन ने बुधवार को शहर में संचालित अन्नपूर्णा रसोइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और सुविधाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताई तथा कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। सभापति गिरीश गर्ग ने आज धौलपुर के पुराना शहर अस्पताल के सामने,रेलवे स्टेशन के पास तथा अन्नपूर्णा रसोई संख्या 414 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न रसोई केंद्रों पर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अन्नपूर्णा रसोई पुराना शहर अस्पताल के सामने में लैपटॉप के सुचारू रूप से कार्य नहीं करने, आरओ खराब होने तथा रसोई की पहचान दर्शाने वाला उचित सूचना बोर्ड नहीं होने जैसी कमियां सामने आईं। अन्नपूर्णा रसोई संख्या 1471 रेलवे स्टेशन के पास में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। सफाई की व्यवस्था भी बहुत खराब थी। आरओ एवं टीवी खराब होने, परिसर में चूहों की दुर्गंध आने, किचन में फ्रिज की साफ-सफाई ठीक नहीं होने तथा हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन उपलब्ध नहीं होने जैसी समस्याएं सामने आईं। अन्नपूर्णा रसोई संख्या 414 में भी आरओ, कूलर एवं कंप्यूटर के सुचारू रूप से कार्य नहीं करने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं में कमियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान सभापति गिरीश गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभापति ने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा रसोई में भोजन करने आने वाले प्रत्येक आम नागरिक को स्वच्छ, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए। भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। राजस्व निरीक्षक रजत जैन नपे बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों की सूची तैयार की गई, ताकि संबंधित व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जा सके और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।विशेष रूप से जिस अन्नपूर्णा रसोई में भोजन की गुणवत्ता में कमी पाई गई, उसके संचालकों को नगर परिषद में उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने एवं आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।









