संविधान दिवस पर जिला न्यायालय में प्रस्तावना का वाचन, जिला जेल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
मुरैना, 26 नवम्बर/मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर मुरैना में संविधान की प्रस्तावना की उद्द्ेश्यिका का सामूहिक वाचन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उपस्थित न्यायाधीशों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के मूल आदर्शों, उद्देश्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री हितेन्द्र द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) श्री अजय सिंह, जिला न्यायाधीश श्री अनुज कुमार, श्री विनय भारद्वाज, श्री चंद्रशेखर जायसवाल, श्रीमती चारूलता दांगी, श्री मयंक मोदी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री दिनेश सिंह राणा सहित मुख्यालय मुरैना के समस्त न्यायाधीशगण एवं न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संविधान दिवस के अवसर पर जिला जेल मुरैना में निरीक्षण के साथ विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, प्ली बार्गेनिंग योजना, निःशुल्क विधिक सहायता तथा मध्यस्थता योजना के संबंध में जानकारी दी गई। बंदियों को बताया गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा विभिन्न वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से न्याय प्राप्त करने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। जेल निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर के दौरान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दिनेश सिंह राणा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अंजय सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री राकेश कुमार, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया तथा जेल उपाधीक्षक उपस्थित रहे।