बरा जीएसएस पर लगाया 5 एमवीए का पावर ट्रांसफॉर्मर
कृषि उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ
धौलपुर,31 अक्टूबर। धौलपुर ग्रामीण उपखंड क्षेत्र में विद्युत भार की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत विभाग ने 33/11 केवी जीएसएस बरा में 3.15 एमवीए क्षमता के स्थान पर 5 MVA का नया पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया है। इस ट्रांसफॉर्मर की स्थापना पर विभाग की ओर से करीब 35 लाख रुपये का अतिरिक्त खर्च किए गए हैं। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही उपभोक्ताओं को बेहतर एवं अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभाग की ओर से विद्युत तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत बिजलीघरों पर अतिरिक्त व बड़े क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जा रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुसार नए 33 केवी और 11 केवी फीडर भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण से बढ़ते विद्युत भार को बेहतर ढंग से संभालने, आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस क्षमता विस्तार से सैपउ एवं धौलपुर ग्रामीण उपखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सक्षम और विश्वसनीय बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।










