राष्ट्रीय एकता दिवस पर धौलपुर पुलिस ने देखा गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण
जिला कलक्टर सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों, सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों एवं आमजन ने लिया राष्ट्रीय एकता संकल्प
धौलपुर,31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आज गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का धौलपुर जिले में व्यापक स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद धौलपुर के ऑडिटोरियम सहित जिले के समस्त पुलिस थानों में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर प्रदीप नेहरा सहित जिले के पुलिस अधिकारियों, पुलिस जवानों, सीएलजी सदस्यों, यूथ सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों, सुरक्षा सखियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और परेड का सामूहिक रूप से सीधा प्रसारण देखा। परेड के सीधे प्रसारण के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक इस आयोजन को देखा तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की भावना को आत्मसात किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं आमजन को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा। साथ ही आमजन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, सहभागिता और विश्वास की भावना को प्रोत्साहित करना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण संदेश रहा।









