धौलपुर महोत्सव : बाबा खाटू श्याम की भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धा
धौलपुर,28 नवंबर। धौलपुर नगर परिषद के तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे धौलपुर शरद महोत्सव में मंचीय कार्यक्रमों शुभारंभ धार्मिक आस्था, भक्ति और संगीत के अद्भुत संगम के साथ भव्य रूप से हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन मेला परिसर में बाबा खाटू श्याम का आकर्षक एवं भव्य दरबार सजाया गया। जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन कर अपनी आस्था प्रकट की। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में वृंदावन (मथुरा) के सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री कुंज बिहारी जी ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी अनुराग शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर नगर परिषद सभापति गिरीश कुमार गर्ग के सुपुत्र अविनाश गर्ग सहित समस्त पार्षदगण एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। महोत्सव के पहले ही दिन बड़ी संख्या में शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता से मेला परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल नजर आया। धौलपुर महोत्सव के इस भव्य आगाज ने शहरवासियों को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और मनोरंजन से जुड़ने का विशेष अवसर प्रदान किया।










