धौलपुर में देशी तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
धौलपुर,24 नवंबर। धौलपुर जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की धरपकड के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को मनियां थाना पुलिस ने एक युवक को देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आरोपी युवक के विरुद्व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मनिया सीओ खलील अहमद ने बताया कि मनिया थाना पुलिस को टांडा रोड इलाके में किसी सशस्त्र संदिग्ध व्यक्ति के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस सूचना पर मनिया थाना प्रभारी अनिल कुमार गौतम की अगुवाई में पुलिस टीम ने टांडा रोड पर गैस एजेंसी के पास एक संदिग्ध युवक को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दीपक कुशवाह निवासी मसूदपुर थाना सदर जिला धौलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा बरामद किया है। पुलिस द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस द्वारा इस बात की पडताल की जा रही है,आरोपी युवक के पास अवैध देशी तमंचा कहां से आया। इसके साथ ही पुलिस अवैध हथियों की खरीद फरोख्त के एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है।










