#mahakallok की तर्ज पर मुरैना में विकसित होगा भव्य ‘शनिलोक’, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण
34.97 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना के तहत धार्मिक पर्यटन की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा शनिचरा मंदिर परिसर
-प्रदीप कुमार वर्मा
मुरैना,19 नवंबर। जिले के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को भव्य धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में शनिचरा मंदिर के समग्र विकास को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के पूर्व तोमर ने मंदिर परिसर का विस्तृत भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान ग्वालियर से आई प्रोजेक्ट टीम के साथ उन्होंने मंदिर परिसर के समग्र विकास की प्रस्तावित रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। प्रोजेक्ट टीम द्वारा प्रस्तुत पीपीटी के माध्यम से परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी विकास कार्यों की आवश्यकताओं, व्यवस्थाओं एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि मुरैना के प्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य स्वरूप देते हुए ‘शनिलोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने प्रोजेक्ट टीम को निर्देशित किया कि विकास योजना में प्रत्येक आवश्यक सुविधा का समुचित प्रावधान हो तथा निर्माण कार्य इस प्रकार किए जाएं कि श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित धार्मिक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी कहा कि विकास कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं एवं समन्वय को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर परिसर स्थित कुंड के विकास को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंड से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इसका प्रतीकात्मक स्वरूप में बेहतर निर्माण कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप उसका विकास हो सके। मंदिर परिसर में दुकानों को भी निर्धारित स्थानों पर सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सीढ़ियों एवं ऊपरी निकास क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैंप तथा आवश्यक शेड निर्माण कराने, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और कथा स्थल विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के समीप भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने तथा सप्तऋषि मंडल के लिए विशेष स्थल विकसित करने की बात कही। उन्होंने इन सभी धार्मिक स्थलों का निर्माण मंदिर की मान्यताओं एवं आध्यात्मिक गरिमा के अनुरूप आकर्षक स्वरूप में करने के निर्देश दिए।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा शनिचरा मंदिर के समग्र विकास के लिए 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपये की विस्तृत परियोजना तैयार की गई है। भारत सरकार की PRASHAD (पीआरएएसएचएडी) योजना के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना की क्रियान्वयन अवधि 24 माह निर्धारित की गई है। मंदिर की कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 3.89 हेक्टेयर क्षेत्र में निर्माण एवं अन्य विकास गतिविधियां होंगी, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित एवं संरक्षित रखा जाएगा। परियोजना के अंतर्गत लगभग 300 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग, 500 श्रद्धालुओं की क्षमता वाली भोजनशाला, 20 प्रसाद काउंटर एवं दुकानें, विश्राम स्थल, डे-शेल्टर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बैठने के स्थान तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुव्यवस्थित मार्ग विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही स्नान कुंड, कथा स्थल, श्रीराम स्थल, सप्तऋषि मंडल चबूतरा, मंदिर का बाहरी प्रकाशीकरण, बाल, जूते एवं वस्त्र संग्रहण की सुविधा वाला सर्वसुविधायुक्त परिसर, सीसीटीवी कैमरे एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी परियोजना का हिस्सा हैं।
शनिचरा मंदिर के आसपास बटेश्वर मंदिर समूह, पढ़ावली, मितावली का चौसठ योगिनी मंदिर, ककनमठ मंदिर, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य एवं सबलगढ़ किला जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल स्थित हैं। इन स्थलों को धार्मिक पर्यटन के साथ जोड़कर मुरैना जिले को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। परियोजना के निर्माण के दौरान प्रतिदिन औसतन 140 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने तथा संचालन के दौरान सुरक्षा, पार्किंग, दुकानों, साफ-सफाई, उद्यानिकी एवं प्रशासनिक गतिविधियों में लगभग 120 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होने का अनुमान है। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, वनमंडलाधिकारी मुरैना हरिश्चंद्र बघेल सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










