औचक निरीक्षण में कलेक्टर का सख्त रुख, लापरवाही और अनाधिकृत अनुपस्थिति पर पटवारी, सचिव एवं शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
जाफराबाद में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, सुनीं समस्याएं
शासकीय संस्थाओं एवं विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुरैना, 18 नवंबर। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जनपद पंचायत जौरा के अंतर्गत ग्राम पंचायत जाफराबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं मैदानी स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के संबंध में भी फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जांगिड़ ने ग्रामीणों से राजस्व एवं पंचायत संबंधी कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा राजस्व कार्यों में लापरवाही एवं पटवारी की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें किए जाने पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लिया। कलेक्टर ने पंचायत एवं राजस्व अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों के कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत जाफराबाद के सचिव औतार सिंह के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार पटवारी श्रीमती मंजू त्यागी के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा कार्यों में लापरवाही एवं शिकायतों की सुनवाई नहीं किए जाने संबंधी शिकायतें किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय जाफराबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षक श्री मनीष यादव अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में इस प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर जांगिड़ ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही और सक्रियता पर निर्भर करता है। ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी, कार्यों में लापरवाही तथा बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर और बिना किसी परेशानी के मिलना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम जौरा शुभम शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










