धौलपुर में तिब्बती रिफ्यूजी ल्हासा मार्केट का शुभारंभ
सीओ सिटी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
धौलपुर,01 नवंबर। भारत तिब्बत संघ के तत्वाधान में तिब्बती रिफ्यूजी ल्हासा मार्केट का शुभारंभ रविवार को किया गया। भारत तिब्बत संघ के संरक्षक महंत हनुमान दास महाराज एवं मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक शहर प्रदीप नेहरा ने किया। अध्यक्षता विद्या भारती संस्थान के जिला व्यवस्थापक यदुनाथ शर्मा ने की। इस मौके पर नेहरा ने कहा कि आप हमारे शहर के सम्मानित अतिथि हैं। उन्होंने पूरी सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए कहा कि धौलपुर में बिना किसी डर के अपना व्यापार करें, यदि कोई भी परेशानी हो तो सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक रामख्तियार सिंह ने भारत-तिब्बत के ऐतिहासिक और मैत्री संबंधों का जिक्र करते हुए कैलाश मानसरोवर की मुक्ति हेतु उपस्थित जनसमूह को संकल्प दिलाया। आयोजन में संगठन के प्रांत महामंत्री दुष्यंत शर्मा ने भारत तिब्बत संघ के उद्देश्यों से सभी को अवगत कराते हुए अभिवादन व्यक्त किया। संचालन दुर्गाशरण दुबे ने किया। आयोजन में धौलपुर अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रशांत हुंडावाल, पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीडी व्यास एवं रोटेरियन विमल भार्गव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्धजन एवं सभी तिब्बती व्यापारी उपस्थित रहे। समारोह में तिब्बती व्यापारियों और कलाकारों ने अपने पारंपरिक सांस्कृतिक तिब्बती नृत्य की बेहद मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को विशेष और उत्सवमयी बना दिया।










