सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को किया जागरूक
भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिकता अपनाने का दिया संदेश
आगरा,30 अक्टूबर। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा स्टेशन निदेशक, आगरा छावनी श्री संतोष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में आज आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर आगरा मंडल की सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों एवं आमजन को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। कलाकारों ने अपनी सशक्त एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि भ्रष्टाचार न केवल समाज और व्यवस्था को कमजोर करता है, बल्कि देश के विकास में भी बाधक बनता है।
नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज एवं स्वस्थ कार्यसंस्कृति के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए सभी को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं रेल यात्रियों को सतर्कता के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नैतिक मूल्यों और ईमानदार कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करना रहा।










