धौलपुर में पंचायत चुनाव में लहराया कांग्रेस का परचम
जिला प्रमुख के बाद कांग्रेस ने अब प्रधान की चार सीट जीतीं
धौलपुर,27 नवंबर। पंचायत चुनाव में धौलपुर जिले में कांग्रेस का परचम लहराया है। कांग्रेस के जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख बनाने के बाद में अब जिले की अधिकतर पंचायत समितियों में भी कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हुए है। जिले की धौलपुर एवं सरमथुरा पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध रुप से प्रधान का चुनाव जीते हैं। वहीं,राजाखेडा और बसेडी में भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। धौलपुर जिले में चल रही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया में शुक्रवार को प्रधान पद के निर्वाचन के दौरान धौलपुर जिले की 6 पंचायत समितियों में से 4 में कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित हो गए है। इनमें धौलपुर पंचायत समिति में कांग्रेस के हेतराम कुशवाहा और सरमथुरा पंचायत समिति में कांग्रेस की मुस्कान कुशवाहा निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। धौलपुर जिले की राजाखेड़ा पंचायत समिति से लगातार चौथी बार कांग्रेस का प्रधान बना है। कांग्रेस प्रत्याशी पूनम सिकरवार राजाखेडा प्रधान पद पर निर्वाचित हुईं हैं। वहीं, जिले की बसेड़ी पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी रीना तोमर प्रधान निर्वाचित हुईं हैं। वहीं, जिले की छह पंचायत समितियों में से सिर्फ दो सैपऊ एवं बाडी पंचायत समिति में भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। इनमें सैपऊ में भाजपा की रचना कुशवाहा तथा बाडी में भाजपा की अनिल अंबेश प्रधान पर निर्वाचित हुई हैं। उधर,कांग्रेस की शानदार जीत के बाद में कांग्रेस के नव निर्वाचित प्रधानों ने प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री प्रद्युमन सिंह,राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं राजाखेडा विधायक रोहित वोहरा,कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक संजय जाटव,वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप सिंह वोहरा, पूर्व जिला प्रमुख प्रतिनिधि अजय पाल सिंह, राजाखेडा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन वीरेन्द्र जादौन,पूर्व उप प्रधान राजकुमार तोमर एवं कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा सहित अन्य को जीत का श्रेय दिया है।










