स्वर्गीय वैद्यराज श्री दीनानाथजी उपाध्याय की स्मृति में मुंबई वैद्यसभा द्वारा वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत
मुंबई,23 नवंबर। मुंबई वैद्यसभा की ओर से धौलपुर के मूल निवासी स्वर्गीय वैद्यराज श्री दीनानाथजी उपाध्याय की पावन स्मृति में प्रतिवर्ष एक स्मृति पुरस्कार प्रदान करने की पहल की गई है। यह पुरस्कार आयुर्वेद एवं वैद्यकीय क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्व को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वर्गीय वैद्यराज श्री दीनानाथजी उपाध्याय के आदर्शों, संस्कारों तथा आयुर्वेद के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनकी प्रेरणादायी विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना है। इस वर्ष का प्रथम स्मृति पुरस्कार डॉ. महेश हरित, प्राध्यापक, डी. वाई. पाटिल आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, मुम्बई को प्रदान किया गया।
मुंबई स्थित होटल पार्ले इंटरनेशनल में आयोजित समारोह में मुंबई वैद्यसभा के अध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद शर्मा, सचिव डॉ. विनोद मेहता, धूतपापेश्वर आयुर्वेद कम्पनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री रणजीत पुराणिक तथा वरिष्ठ वैद्य डॉ. कुबल के करकमलों से डॉ. महेश हरित को यह पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुंबई वैद्यसभा के अनेक प्रतिष्ठित एवं प्रख्यात वैद्य उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह में स्वर्गीय वैद्यराज श्री दीनानाथजी उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों, संस्कारों एवं आयुर्वेद के प्रति उनके समर्पण को सदैव स्मरणीय बनाए रखने की भावना व्यक्त की गई। यह वार्षिक पुरस्कार उनके प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि होने के साथ-साथ आयुर्वेद एवं वैद्यकीय क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।









