आधी रात को एक्शन मोड में धौलपुर पुलिस, जिलेभर में 22 स्थानों पर ए श्रेणी की नाकाबंदी, 1602 वाहनों की सघन जांच
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 52 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई।
धौलपुर,23 नवंबर। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में आज रात्रि 12 बजे से प्रातः 6 बजे तक जिलेभर में ए श्रेणी की विशेष नाकाबंदी एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत जिले के 17 थाना क्षेत्रों में कुल 22 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित कर पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गईं। पुलिस टीमों ने रात्रिकालीन आवागमन करने वाले वाहनों की सघन जांच करते हुए न केवल यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराई, बल्कि अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं अवैध शराब की तस्करी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भी विशेष चेकिंग की।नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहन जांच की गई। विशेष रूप से लंबी दूरी से आने-जाने वाले यात्री वाहनों, ओवरलोड वाहनों तथा क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलने वाले वाहनों पर पुलिस का विशेष फोकस रहा। हाल के दिनों में तीर्थाटन एवं धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले कई यात्री वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं को देखते हुए धौलपुर पुलिस ने यात्री वाहनों की सुरक्षा को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। ऐसे वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा लापरवाही से वाहन संचालन जैसी स्थितियों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। छह घंटे तक चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा कुल 1602 वाहनों की जांच की गई। इनमें 796 दुपहिया एवं 806 चारपहिया वाहन शामिल रहे।

जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 52 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा एवं अन्य यातायात नियमों की पालना करने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने जिले में अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित गश्त, प्रभावी नाकाबंदी एवं सघन वाहन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। धौलपुर पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखना ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक एवं यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। विशेषकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले एवं तीर्थयात्रियों को ले जाने वाले वाहन संचालकों से अपील है कि निर्धारित यात्री क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाएं, वाहन के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।










