ईको सेंटर देवरी जिला मुरैना मप्र में सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित
धौलपुर। मध्यप्रदेश के मुरैना में स्थित ईको सेंटर देवरी में मंगलवार को सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन माननीय सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत प्रकरण तथा संबंधित न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाहियों की अद्यतन स्थिति का निरीक्षण एवं समीक्षा करने के उद्देश्य से किया गया। बैठक में सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी के सदस्य सुनील लिमये की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों से जुड़ी कार्यवाहियों एवं प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में चंबल क्षेत्र की पर्यावरणीय एवं पारिस्थितिकीय महत्ता, वन्यजीव संरक्षण तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय के विषयों पर चर्चा की गई। चंबल नदी क्षेत्र घड़ियाल सहित विभिन्न जलीय वन्यजीवों के संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा एवं जैव विविधता के संरक्षण के लिए संबंधित विभागों की भूमिका और आपसी समन्वय विशेष महत्व रखते हैं। जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी एवं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित जिले के वन, खनिज व परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बैठक में भाग लेकर संबंधित विषयों पर विभागीय समन्वय एवं प्रशासनिक-पुलिस स्तर पर आवश्यक सहयोग के संबंध में सहभागिता की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए निर्धारित निर्देशों की पालना तथा संबंधित कार्यवाहियों की प्रगति पर चर्चा की गई।







